किसानों ने सरकार को उग्र आंदोलन की दी चेतावनी, कृषि अध्यादेश के खिलाफ 25 को बंद का एलान

चंडीगढ़: केंद्र सरकार के कृषि आधारित तीन अध्यादेशों के खिलाफ हरियाणा में जगह-जगह किसानों का जनसैलाब सड़कों पर उतर आया है। केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों ने सरकार को चेतावनी दी कि अगर अध्यादेश वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र होगा। साथ ही कृषि अध्यादेशों के खिलाफ हरियाणा में 25 सितम्बर को किसानों ने बंद का एलान भी किया है। वहीं 27 सितंबर को दिल्ली में अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में किसान अध्यादेश के खिलाफ अहम फैसला लेंगे।

बता दें कि कृषि विधेयक के विरोध में आज देश के कई बड़े शहरों में किसानों का प्रदर्शन शुरू हो गया है। यूपी और दिल्ली में पुलिस को सर्तक रहने को बोला गया है। कई अन्य राज्यों में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है।

हरियाणा और पंजाब में कई स्थानों पर किसान बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने राज्य के प्रमुख हाइवे को जाम कर दिया है। कुरुक्षेत्र कैथल हाइवे भी प्रदर्शन के चलते जाम है। दिल्ली की ओर से करनाल पार करके कुरुक्षेत्र पहुंचे ट्रैफिक को पिपली चौक से लाडवा की ओर डायवर्ट किया गया है। किसानों ने अंबाला के धूलकोट में जीटी रोड जाम कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पड़ोसी राज्यों में किसानों के विरोध को लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली पुलिस के एक अफसर ने बताया कि हमने अशोक नगर-गाजीपुर क्षेत्र और दिल्ली हरियाणा सीमा पर जवानों को तैनात कर दिया है, दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर ये कवायद की है।

वही, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने किसान विरोधी बिल के खिलाफ जींद में धरना दिया। कांग्रेस ने आज प्रदेश में हर जिले में प्रदर्शन और महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने का एलान किया था।


EmoticonEmoticon